भाकृअनुप-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ में खेत बचाओ अभियान एवं किसान चौपाल का आयोजन
भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ में दिनाँक 03 नवम्बर 2026 को “खेत बचाओ अभियान” एवं किसान चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री शिवराज सिंह चौहान, माननीय केंद्रीय मंत्री कृषि, कृषि अनुसंधान तथा ग्रामीण विकास ने की। श्री सूर्य प्रताप शाही जी, माननीय कैबिनेट मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान,उत्तर प्रदेश सरकार,विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। श्री सूर्य प्रताप शाही जी ने अपने उदबोधन में किसानो से गन्ने के साथ गेहूँ, आलू, और तिलहन की खेती करके अपनी आमदनी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि पहले हम खाद्यानों का आयात करते थे आज हम दूसरे देशों को खाने का अनाज भेज रहे हैं तथा 80 करोड़ लोगों को खाना निःशुल्क दे रहे हैं। पहले हम 1-1.5 हज़ार करोड़ रुपये का खाने का तेल और 35-40 हज़ार करोड़ रुपये की दाल मंगाते थे आज हम 34-35 मैट्रिक टन दाल और 32-33 मैट्रिक टन दलहन पैदा कर रहे हैं। उन्होने किसानों से मिट्टी की उर्वराशक्ति बढ़ाने का भी आह्वान किया। अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में माननीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने फसलों के विविधीकरण, प्राकृतिक खेती ,जीवामृत, बीजामृत के प्रयोग आदि पर ज़ोर दिया। उन्होने कहा कि किसान भाई ज्यादा खाद एवं कीटनाशक दवाइयों का प्रयोग कर मिट्टी को दूषित कर रहे हैं जिससे मिट्टी के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। मंत्री महोदय ने मिट्टी कि जांच के आधार पर ही खाद प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होने केंचुए कि घटती संख्या पर भी चिंता ब्यक्त की। अपने उदबोधन में उन्होने फसलों की विविधिकरण के साथ- साथ प्राकृतिक खेती करने पर ज़ोर दिया। संस्थान के प्रयोग प्रक्षेत्र पर आयोजित किसान चौपाल में मंत्री महोदय ने किसानो से खेती के बारे में चर्चा किया। उन्होने संस्थान में किये जा रहे किसान उपयोगी अनुसंधान कार्यों की अत्यंत सराहना की।
चौपाल में श्री हेमंत निराला, प्रदीप द्विवेदी, शिवम मिश्रा, रवीद्र नाथ वर्मा , शिव कुमार तथा श्रीमती सरिता देवी आदि किसानो ने अपने खेती के अनुभव मंत्री महोदय से साझा किया तथा लगभग 200 किसानों ने हिस्सा लिया। किसान चौपाल के साथ- साथ गन्ने की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया जिसे लगभग 400 से अधिक किसानों ने देखा । कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ॰ एस॰ एन॰ सुशील, निदेशक , भाकृअनुप-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ ने किसानो से गन्ने की नई क़िस्मों के साथ- साथ , उन्नत गन्ना यंत्रों के प्रयोग , उन्नत गन्ना उत्पादन तकनीकी, अन्तः फ़सली गन्ना खेती अपना कर उत्पादन एवं आमदनी बढ़ाने की सलाह दी । श्री मुकतानन्द अग्रवाल, संयुक्त सचिव कृषि, भारत सरकार के साथ –साथ उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने हिस्सा लिया । कार्यक्रम में जनपद लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, झाँसी, बाराबंकी, कानपुर देहात, रायबरेली उन्नाव, लखीमपुरखीरी सहित 15 जिलों के कुल 3000 कृषकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के 385 किसानो को भाकृअनुप-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के निदेशक द्वारा गेहूँ, सरसों,मसूर एवं तिल के बीज भी बितरित किए गए । भाकृअनुप-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के प्रांगण में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के लखनऊ स्थित संस्थानो तथा जनपद लखनऊ के एफ पी ओ एवं गैर सहकारी संस्थाओं द्वारा 30 स्टालों को भी लगाया गया जिसका भ्रमण मा॰ श्री शिवराज सिंह चौहान तथा मा. मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अधिकारियों की टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनीता सावनानी, मुख्य तकनीकी अधिकारी भाकृअनुप- भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ ने किया।
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |





